आजमगढ़। जिले के अतरौलिया थाना क्षेत्र के लोहरा गांव में शनिवार को एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतका के पिता ने ससुराल पक्ष पर दहेज में कार और पांच लाख रुपये की मांग को लेकर प्रताड़ित करने तथा जहर देकर हत्या करने का गंभीर आरोप लगाया है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौके की जांच कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मामले की छानबीन जारी है

मिली जानकारी के अनुसार जहानागंज थाना क्षेत्र के बोहना गांव निवासी संतोष की 25 वर्षीय बेटी अंकिता सिंह की शादी करीब तीन वर्ष पूर्व अतरौलिया थाना क्षेत्र के लोहरा गांव निवासी आनंद प्रताप सिंह के साथ हुई थी। शादी के बाद से ही ससुराल पक्ष द्वारा दहेज में कार और पांच लाख रुपये की मांग की जा रही थी। आरोप है कि इसी मांग को लेकर अंकिता को लगातार मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जाता था।

मायके पक्ष का कहना है कि मांग पूरी न होने पर ससुराल वालों ने अंकिता को जहर देकर मौत के घाट उतार दिया। शनिवार सुबह करीब सात बजे अंकिता की अपने मायके वालों से फोन पर बातचीत हुई थी, उस समय वह पूरी तरह स्वस्थ थी। दोपहर लगभग तीन बजे ससुराल पक्ष से उसकी मौत की सूचना मिली।

सूचना मिलते ही मायके पक्ष के लोग लोहरा गांव पहुंचे तो देखा कि अंकिता का शव घर के बाहर पड़ा हुआ था और शरीर का रंग काला पड़ चुका था। इसके बाद मायके पक्ष ने डायल 112 पर फोन कर पुलिस को सूचना दी।
मौके पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। मृतका के दो छोटे बच्चे हैं।

अतरौलिया थानाध्यक्ष देवेंद्र दूबे ने बताया कि मामले की  जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों की स्थिति स्पष्ट होगी।