आजमगढ़। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में आमजन की सुरक्षा एवं आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने की तैयारी के लिए सेंट जेवियर्स हाई स्कूल, एलवल में ट्रैफिक पुलिस, अग्निशमन विभाग, मिशन शक्ति एवं साइबर क्राइम की संयुक्त टीम द्वारा व्यापक मॉक ड्रिल आयोजित की गई।
शनिवार को सेंट जेवियर्स हाई स्कूल, एलवल, आजमगढ़ में आयोजित इस मॉक ड्रिल का मुख्य उद्देश्य छात्र-छात्राओं को सड़क सुरक्षा, अग्नि सुरक्षा, महिला सुरक्षा और साइबर सुरक्षा जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर जागरूक करना था।
ट्रैफिक पुलिस के टी0एस0आई जयशंकर सिंह ने हेलमेट व सीटबेल्ट की अनिवार्यता, सड़क नियमों के पालन और ‘गोल्डन ऑवर’ में घायलों की सहायता के महत्व को मॉक ड्रिल के माध्यम से समझाया। उनकी टीम में आ0 (यातायात) शुभम यादव और आ0 (यातायात) अमित सरोज भी मौजूद रहे।
अग्निशमन विभाग की ओर से फायरमैन नीरज दुबे और फायरमैन नन्दलाल ने आग लगने की स्थिति में उसे बुझाने के तरीके और बहुमंजिला इमारतों में फंसे लोगों को सुरक्षित निकालने का अभ्यास दिखाया।
महिला एवं बाल सुरक्षा संगठन, मिशन शक्ति की टीम में उ0नि0 वकील सिंह, उ0नि0 वरुणेश कुमार मिश्र, आ0 सर्वेश कुमार और म0आ0 शिखा तिवारी शामिल थे। उन्होंने महिलाओं और बालिकाओं को वूमेन पावर लाइन 1090 सहित अन्य हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी और विपरीत परिस्थितियों में सेल्फ-डिफेंस एवं स्वयं की सुरक्षा के प्रति जागरूक किया।
साइबर सेल, थाना कोतवाली से वरिष्ठ उ0नि0 मेहरे आलम, उ0नि0 विजय कुमार, आ0 नीरज पटेल और म0आ0 उमा वर्मा ने डिजिटल फ्रॉड, ओटीपी स्कैम और सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग के बारे में जानकारी दी और साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 के महत्व पर विशेष जोर दिया।
इस अवसर पर यह संदेश दिया गया कि इस प्रकार की संयुक्त मॉक ड्रिल न केवल पुलिस की कार्यकुशलता बढ़ाती है, बल्कि आम जनता में सुरक्षा की भावना को भी मजबूत करती है। किसी भी आपात स्थिति में रिस्पॉन्स टाइम को कम करना हमारी प्राथमिकता है।
