आजमगढ़। समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं का सम्मेलन  लालगंज कस्बा स्थित एक मैरिज हाल में आयोजित हुआ, जिसमें सपा सांसद धर्मेन्द्र यादव ने कार्यकर्ताओं को एकजुट होकर भाजपा को सत्ता से बाहर करने का आह्वान किया।


लालगंज विधानसभा क्षेत्र में बुधवार को आयोजित इस सम्मेलन के मुख्य अतिथि सांसद धर्मेन्द्र यादव ने कहा कि अब समय आ गया है जब एक-एक वोट बचाने की आवश्यकता है ताकि भाजपा दोबारा सत्ता में न लौट सके। उन्होंने कहा कि गठबंधन ने अभी तो थोड़ी सी बढ़त ली है, आने वाले विधानसभा चुनाव में भाजपा अपनी जमानत बचाने को मजबूर होगी।


सांसद ने आरोप लगाया कि भाजपा चुनाव आयोग के माध्यम से बेइमानी करने की साजिश रच रही है। उन्होंने कहा कि एसआईआर देश में लागू न हो, इसके लिए विपक्ष और अखिलेश यादव ने मिलकर रोकने का काम किया, बावजूद इसके बिहार में 65 लाख वोट शुरुआत में ही काट दिए गए।


उन्होंने जनपद में गौड़ जाति को अनुसूचित जनजाति प्रमाण पत्र न जारी किए जाने पर शासनादेश के बावजूद अधिकारियों की गड़बड़ी का मुद्दा भी उठाया। सांसद ने कहा कि सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव के नेतृत्व में किसी के साथ अन्याय नहीं होने दिया जाएगा और वोट काटने की किसी भी साजिश को सफल नहीं होने दिया जाएगा।
कार्यक्रम की अध्यक्षता विधानसभा अध्यक्ष राजनारायण यादव ने की, संचालन हरिप्रसाद दुबे ने किया, जबकि आयोजन क्षेत्रीय विधायक बेचई सरोज ने किया।