रिपोर्ट: अरुण यादव

आजमगढ़। जिले के थाना निजामाबाद क्षेत्र में पुलिस ने लाठी-डंडे से जानलेवा हमला करने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर  न्यायालय में पेश किया।

बीते पांच नवम्बर को वादी दीपक गौड़ पुत्र त्रिभुवन गौड़, निवासी ग्राम चकबारी, थाना निजामाबाद ने पुलिस को बताया कि महेन्द्र गोंड़ पुत्र मुन्नन, उसकी पत्नी सरोजा और मुन्नन के पुत्र स्व0 डल्लू ने मेड़ के विवाद को लेकर उन्हें गाली-गलौज करते हुए लात-घूंसों और लोहे की रॉड व डंडे से जानलेवा हमला किया। इसके आधार पर थाना निजामाबाद में मुकदमा  पंजीकृत किया गया।


बुधवार  को उ0नि0 चन्द्रजीत यादव मय हमराह ने पुलिस बल के साथ अभियुक्त मुन्नन गौड़  को उनके घर से गिरफ्तार किया। अभियुक्त की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त डंडा सड़क किनारे झाड़ियों से बरामद किया गया। गिरफ्तार अभियुक्त का चालान माननीय न्यायालय में किया गया।