रिपोर्ट: अरुण यादव
आज़मगढ़। जिले के दीदारगंज थाना क्षेत्र के मुनौवरपुर गांव में एक 75 वर्षीय बुजुर्ग की देर रात अचानक मौत हो जाने से परिवार में कोहराम मच गया। परिजन इस मौत को सामान्य मानने को तैयार नहीं हैं। मृतक के बेटे ने थाने में पहुंचकर इसकी जांच कराने की मांग की है।
मुनौवरपुर गांव निवासी इंद्रभान चौहान ने बुधवार की सुबह दीदारगंज थाने में पहुंचकर एक प्रार्थना पत्र सौंपा, जिसमें उन्होंने कहा कि उनके पिता लालू चौहान, उम्र लगभग 75 वर्ष, पुत्र स्व. सरजू चौहान की मंगलवार की आधी रात करीब 12 बजे घर पर ही मृत्यु हो गई। उन्होंने आशंका जताई कि पिता की मौत स्वाभाविक नहीं है और इसके पीछे कोई न कोई कारण अवश्य है। उन्होंने लिखित रूप से शव का पोस्टमार्टम कराए जाने की मांग की ताकि मृत्यु का सही कारण स्पष्ट हो सके।
थाना प्रभारी राकेश कुमार सिंह ने मामले को गंभीरता से लेते हुए हल्का इंचार्ज व पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए पोस्टमार्टम के लिए शव को जिला चिकित्सालय भेज दिया।
थाना प्रभारी राकेश कुमार सिंह एवं उपनिरीक्षक रमेशचंद्र यादव ने बताया कि मृतक के बेटे की तहरीर पर कार्रवाई की गई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। पूरे गांव में इस मौत को लेकर चर्चाएं हो रही हैं। पुलिस हर पहलू की गंभीरता से जांच कर रही है।
