आजमगढ़। शहर के ब्रह्मस्थान स्थित नजमा हॉस्पिटल में आयुष्मान भारत योजना के तहत गरीब और जरूरतमंद मरीजों को मुफ्त इलाज की सुविधा मिल रही है। अस्पताल में नवजात और बच्चों की बीमारियों का आधुनिक सुविधाओं और विशेषज्ञ डॉक्टरों की निगरानी में उपचार किया जा रहा है, जिससे आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को बड़ी राहत मिल रही है।
ब्रह्मस्थान स्थित नजमा हॉस्पिटल में आयुष्मान भारत योजना के तहत पात्र मरीजों का निःशुल्क इलाज किया जा रहा है। अस्पताल प्रशासन का कहना है कि यहां नवजात शिशुओं से लेकर बच्चों में होने वाली विभिन्न बीमारियों का इलाज अनुभवी चिकित्सकों की देखरेख में आधुनिक उपकरणों की मदद से किया जाता है और आयुष्मान कार्ड धारक मरीजों से किसी प्रकार का शुल्क नहीं लिया जाता।
अस्पताल के डॉ. जोरार अहमद ने बताया कि हाल ही में एक नवजात शिशु को गंभीर हालत में अस्पताल लाया गया था। बच्चे की स्थिति काफी नाजुक थी, लेकिन चिकित्सकों की सतर्कता और समय पर किए गए इलाज से उसकी हालत में सुधार हुआ और उसे स्वस्थ कर घर भेज दिया गया। उन्होंने बताया कि इस बच्चे का पूरा इलाज आयुष्मान कार्ड के तहत मुफ्त में किया गया।
बच्चे की परिजन हुस्मम बानो के अनुसार उनके शिशु का जन्म दूसरे अस्पताल में हुआ था। घर लाने के करीब 24 घंटे बाद बच्चे की तबीयत अचानक बिगड़ने लगी और शरीर का रंग काला पड़ने लगा। घबराए परिजन तुरंत नजमा हॉस्पिटल पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने बच्चे को भर्ती कर उपचार शुरू किया। उन्होंने अस्पताल के डॉक्टरों और स्टाफ का आभार जताते हुए कहा कि आयुष्मान कार्ड की वजह से उनके बच्चे का पूरा इलाज निःशुल्क हो सका।
डॉ. अहमद ने गायनाकोलॉजिस्ट चिकित्सकों से अपील करते हुए कहा कि डिलीवरी के बाद नवजात शिशु की पूरी जांच अवश्य की जाए और जन्म के तुरंत बाद मां का दूध पिलाना सुनिश्चित किया जाए, ताकि शिशु स्वस्थ रहे और किसी भी जटिलता से बचा जा सके।
स्थानीय लोगों का कहना है कि आयुष्मान भारत योजना लागू होने के बाद नजमा हॉस्पिटल गरीब और जरूरतमंद परिवारों के लिए भरोसे का केंद्र बनता जा रहा है।
