आजमगढ़। जिले के सरायमीर थाना क्षेत्र में सोने-चाँदी का लालच देकर दो लाख रुपये की ठगी करने वाले एक अभियुक्त को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से एक लाख 90 हजार रुपये नकद बरामद किए गए हैं।

वादी  नन्दलाल निषाद पुत्र स्व. जेठू निषाद निवासी ग्राम पश्चिम पट्टी थाना अहिरौला जनपद आजमगढ़ ने थाना सरायमीर में तहरीर देकर बताया कि लगभग एक माह पूर्व धर्मेन्द्र पुत्र लालजीत निवासी कमरावा थाना गंभीरपुर ने झाड़-फूंक के बहाने उनसे संपर्क किया। उसने अपने साथी रामआशीष मौर्या पुत्र लल्लन मौर्या निवासी जमुवावा थाना बरदह के पास 20 किलो चाँदी व दो सोने की ईंट होने का लालच दिया।
बताया गया कि मंगलवार को छित्तेपुर पेट्रोल पंप के पास दोनों अभियुक्तों ने वादी से 2 लाख रुपये लेकर कागज में लिपटे दो थैले थमा दिए और फरार हो गए। बाद में थैला खोलने पर उसमें पीतल के टुकड़े निकले। तहरीर के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया गया।
गुरुवार को उपनिरीक्षक प्रशान्त सिंह मय हमराह टीम के साथ क्षेत्र में तलाश के दौरान मुखबिर की सूचना पर खण्डवारी नहर पुलिया के पास दबिश दी गई। पुलिस को देखकर एक संदिग्ध व्यक्ति भागने लगा, जिसे घेराबंदी कर  पकड़ लिया गया।

पूछताछ में उसने अपना नाम धर्मेन्द्र कुमार पुत्र लालजीत निवासी कमरावा थाना गंभीरपुर बताया और घटना में संलिप्तता स्वीकार की। तलाशी में उसके पास से धोखाधड़ी से प्राप्त 1,90,000 रुपये नकद बरामद हुए। पुलिस ने अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया।