रिपोर्ट: अरुण यादव
आज़मगढ़। सोशल मीडिया पर वायरल एक तस्वीर ने रौनापार थाना क्षेत्र में सनसनी फैला दी है। फोटो में एक युवक खुलेआम दोनों हाथों में असलहा लहराते हुए नजर आ रहा है, जिसके बाद इलाके में चर्चाओं का माहौल गर्म हो गया है।
मिली जानकारी के अनुसार, थाना रौनापार क्षेत्र क्षेत्र के सिवान गांव निवासी सत्यम यादव पुत्र हरिकेश यादव की एक तस्वीर इंस्टाग्राम स्टोरी के माध्यम से सामने आई है। वायरल फोटो में युवक दोनों हाथों में असलहा लिए दिखाई दे रहा है। तस्वीर तेजी से सोशल मीडिया पर फैलने के बाद क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं।
स्थानीय लोगों के बीच यह सवाल उठ रहे हैं कि फोटो कब की है यह पता नहीं चल सका है। वहीं कुछ लोग इसे सोशल मीडिया पर दबदबे की कोशिश बता रहे हैं।
वहीं इस मामले पर एसपी ग्रामीण चिराग जैन ने बताया कि सोशल मीडिया पर एक युवक का अवैध असलहों के साथ फोटो वायरल होने की जानकारी मिली है। यह फोटो रौनापार क्षेत्र के सत्यम यादव की आईडी से सामने आई है। मामले की जांच रौनापार थानाध्यक्ष को सौंपी गई है। जांच के बाद तथ्यों के आधार पर विधिक कार्रवाई की जाएगी।
