आज़मगढ़। जिले के जहानागंज थाना क्षेत्र में चोरी की दो बड़ी घटनाओं ने इलाके में सनसनी फैला दी है। पहली घटना ग्राम पंचायत भदौरा के परदेसी मोड की है, जहां धीरज राय का घर रात के समय चोरों के निशाने पर आया। बृहस्पतिवार को शहर में आयोजित एक विवाह समारोह में परिजन मौजूद थे। इस दौरान अज्ञात चोरों ने घर का ताला तोड़कर करीब 20 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण और 50 हजार नगद ले उड़े। शुक्रवार की सुबह 5:30 बजे धीरज राय की पत्नी ने टूटे ताले और बिखरे सामान को देखकर पुलिस को सूचना दी। चोरी गई संपत्ति में चार पीस सोने की चूड़ी, सोने का हार, चार सिकड़ी, पांच अंगूठी, मांगटीका, नथिया, चार जोड़ी चांदी के पायल, 30 चांदी के सिक्के और नगद शामिल हैं।

इसी बीच दूसरी  चोरी मुबारकपुर थाना के  अमिलो क्षेत्र में सामने आई। ठंड के मौसम की शुरुआत में सठियांव गांव निवासी रामजतन प्रजापति की बीस वर्षों से चल रही किराने की दुकान भी चोरों के निशाने पर आ गई। शुक्रवार की सुबह 6 बजे पड़ोसी शर्मा ने सूचना दी कि दुकान का शटर टूटा हुआ है। जांच में पता चला कि चोरों ने पहले बिजली काटी, फिर चैनल और शटर के ताले तोड़कर अंदर प्रवेश किया और सीसीटीवी का हार्ड डिस्क निकाल लिया। काउंटर में रखी लगभग 1500 रुपये नगद, 20 किलो मरीच की बोरी, पांच किलो काजू, किसमिस और हजारों रुपये के अन्य सामान चोरी कर लिया।