रिपोर्ट: अरुण यादव
आजमगढ़। जिले में होली के मद्देनजर खाद्य सुरक्षा विभाग ने मिलावटी खाद्य पदार्थों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। सेहदा स्थित पनीर व खोया भंडारण इकाई पर छापेमारी कर भारी मात्रा में संदिग्ध खाद्य सामग्री जब्त की गई।
कार्रवाई के दौरान लाखों रुपये मूल्य के मिलावटी खोया, पनीर और मिठाइयों को नष्ट कराया गया। होली पर्व को देखते हुए जिलेभर में अभियान लगातार जारी है।
आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन लखनऊ तथा जिलाधिकारी के आदेश पर मिलावटी खाद्य पदार्थों की बिक्री पर रोक लगाने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। सहायक आयुक्त खाद्य सुशील कुमार मिश्र के निर्देशन में गठित खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की टीम ने सेहदा स्थित पनीर व खोया भंडारण इकाई पर छापा मारा।
छापेमारी के दौरान आगरा से लाकर संग्रहित किए गए खाद्य पदार्थों में से 02 खोया, 01 पनीर, 01 काजू बर्फी और 01 स्पेशल बर्फी का नमूना लिया गया। जांच के दौरान खाद्य पदार्थ अस्वच्छ परिस्थितियों में संग्रहित पाए गए और मिलावट की आशंका पर लगभग 548 किलोग्राम खोया (मूल्य ₹1,64,400), 149 किलोग्राम पनीर (₹44,700), 24 किलोग्राम काजू बर्फी (₹19,200) तथा 648 किलोग्राम स्पेशल बर्फी (₹99,200) जब्त कर नष्ट कराया गया। कुल मिलाकर लगभग 13.5 कुन्तल खाद्य सामग्री, जिसकी कीमत करीब ₹3,27,500 आंकी गई, विनष्ट की गई।
इसके अलावा बोंगरिया बाजार मेंहनगर, गोपालपुर, खरिहानी और मेंहनगर चौराहा से भी बेसन, सरसों का तेल, खोया, छेना मिठाई और गुलाब जामुन मिक्स समेत 6 अन्य नमूने लिए गए। सभी नमूनों को जांच के लिए प्रयोगशाला भेज दिया गया है।
अब तक चलाए गए अभियान में 26 छापेमारी के दौरान 35 नमूने संग्रहित किए जा चुके हैं। 940 किलोग्राम खाद्य पदार्थ सीज किए गए हैं, जबकि 1394 किलोग्राम खाद्य सामग्री जब्त कर नष्ट की जा चुकी है।
सहायक आयुक्त खाद्य सुशील कुमार मिश्र ने बताया कि होली तक यह अभियान लगातार जारी रहेगा। उन्होंने आमजन से अपील की कि पैक्ड खाद्य सामग्री खरीदते समय ‘बेस्ट बिफोर’ और एक्सपायरी डेट अवश्य जांचें तथा अत्यधिक चमकीली और रंगीन मिठाइयों से परहेज करें।
छापेमार दल का नेतृत्व मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी दीपक कुमार श्रीवास्तव ने किया, जबकि टीम में रजनीश कुमार, गोविंद यादव, संजय कुमार तिवारी, सुचित प्रसाद, लालमणि यादव, शीत कुमार सिंह, अमरनाथ, बेबी सोनम और राजीव कुमार सिंह शामिल रहे।
