रिपोर्ट: अरुण यादव
आज़मगढ़। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हेमराज मीना के निर्देशन में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना तहबरपुर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो चोरों को चोरी के सामान और अवैध असलहा के साथ गिरफ्तार किया है।
बीते 6 अगस्त को बसही बंदेदासपुर निवासी वंशु चौरसिया ने पुलिस को सूचना दी कि अज्ञात चोर उसके घर की छत के रास्ते घुसकर LCD टीवी, मेकअप किट, इंडक्शन चूल्हा और लेडीज बैग समेत कई सामान चोरी कर ले गए। पुलिस ने इस मामले में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।
10 अगस्त को उपनिरीक्षक मानचंद्र यादव और उनकी टीम ने करियावर अंडरपास के पास चेकिंग के दौरान दो संदिग्धों को पकड़ा। पूछताछ में उनकी पहचान सचिन कुमार निवासी धनियाकुंडी और धन्जू गौड़ निवासी तहबरपुर के रूप में हुई। तलाशी में सचिन के पास से एक तमंचा , एक जिंदा कारतूस, 630 रुपये और चोरी किया गया LCD टीवी मिला। धन्जू गौड़ के पास से 520 रुपये, मेकअप किट, इंडक्शन चूल्हा और लेडीज बैग बरामद हुआ।
दोनों से पूछताछ में पता चला कि उन्होंने 6 अगस्त को बसही बंदेदासपुर में चोरी की थी और सामान बेचने जा रहे थे, तभी पुलिस ने पकड़ लिया। उन्होंने यह भी कबूल किया कि 4 अगस्त की रात शेखुपुर बाजार में दुकानों के ताले तोड़कर 3500 रुपये चोरी किए थे, जिसे आपस में बांट लिया था। उन्होंने बताया कि चोरी के दौरान वे पकड़े जाने पर बचने के लिए तमंचा साथ रखते थे।
बरामद सामान और अवैध हथियार के आधार पर पुलिस ने सचिन कुमार के खिलाफ आर्म्स एक्ट में भी मुकदमा दर्ज किया। दोनों आरोपियों को जेल भेज दिया गया।
