रिपोर्ट: अरुण यादव

आजमगढ़। जिले के  दीदारगंज थानां क्षेत्र में दहेज के लिए प्रताड़ित कर अपनी पत्नी को आत्महत्या के लिए उकसाने के मामले में पुलिस ने वांछित पति संतोष सिंह को गिरफ्तार किया। मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने उसे घर से गिरफ्तार कर  लिया।

वादी मंगला प्रसाद सिंह पुत्र स्व. पारसनाथ सिंह, निवासी ग्राम कोहरौली, पोस्ट पिछौरा, थाना बरदह, जनपद आज़मगढ़ ने थाना दीदारगंज पर प्रार्थना-पत्र देकर बताया कि उनकी पुत्री सावित्री सिंह की शादी दिनांक नवम्बर 2016 को संतोष सिंह पुत्र सुबाष सिंह उर्फ अपरबल सिंह, निवासी ग्राम निकासीपुर, पोस्ट निकासीपुर, थाना दीदारगंज, जनपद आज़मगढ़ के साथ हुई थी।

शादी के बाद से दहेज की मांग को लेकर संतोष सिंह और उसके परिवार द्वारा सावित्री सिंह को लगातार प्रताड़ित किया जाता रहा। दिनांक 16.11.2025 को लगातार प्रताड़ना से आहत होकर पीड़िता ने विषाक्त पदार्थ का सेवन कर लिया, जिसके परिणामस्वरूप दिनांक 17.11.2025 को वाराणसी में उपचार के दौरान उसकी मृत्यु हो गई।  घटना के बाद से आरोपी पति संतोष सिंह फरार चल रहा था।

गुरुवार को उ0नि0 पंकज कुमार सिंह अपने हमराह का0 इन्द्रेश दूबे के साथ क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपी पति संतोष सिंह अपने घर ग्राम निकासीपुर, पोस्ट निकासीपुर, थाना दीदारगंज, जनपद आज़मगढ़ में मौजूद है। सूचना पर पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुँची और आरोपी को घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया।