रिपोर्ट: अरुण यादव

आज़मगढ़। साइबर अपराध के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई करते हुए थाना सिधारी पुलिस ने सराहनीय कार्य किया है। साइबर सेल की तकनीकी मदद से पुलिस ने इंस्टाग्राम के वर्क फ्रॉम होम विज्ञापन के झांसे में आई एक महिला को ठगी के बाद उसका ₹23,190 सफलतापूर्वक वापस दिलाया।

आवेदिका को इंस्टाग्राम पर वर्क फ्रॉम होम का विज्ञापन लिंक मिला। लिंक पर क्लिक करते ही उसे व्हाट्सएप व टेलीग्राम पर संदिग्ध संदेश आने लगे। प्रारंभिक छोटे लाभ दिखाकर फ्रॉडस्टरों ने विश्वास में लेकर ₹29,800 जमा कराने को कहा, जिसे वह लालचवश भेज बैठी। ठगी का एहसास होते ही उन्होंने NCRP पोर्टल पर शिकायत  दर्ज की।शिकायत पर त्वरित कार्रवाई करते हुए थाना सिधारी पुलिस व साइबर सेल ने तकनीकी जांच के माध्यम से ₹23,190 की राशि फ्रॉड खाते से रोककर आवेदिका के बैंक खाते में जमा कराई।

थाना सिधारी पुलिस की यह तत्परता साइबर अपराध नियंत्रण और जनजागरूकता की दिशा में एक सराहनीय उदाहरण है।पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी ऑनलाइन लिंक, स्कीम या ऑफर पर क्लिक करने से पूर्व सत्यापन करें और ठगी की आशंका होने पर तुरंत 1930 पर कॉल करें।