आजमगढ़। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हेमराज मीना के निर्देशन में अपराधियों पर सख्त कार्रवाई जारी रखते हुए आजमगढ़ पुलिस को एक बड़ी सफलता मिली है। थाना तरवां क्षेत्र में किशोरी को अगवा कर दुष्कर्म करने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
घटना 7 मई 2025 की है, जब वादी द्वारा थाना तरवां में दी गई तहरीर में बताया गया कि उसकी लगभग 16 वर्षीय पुत्री कपड़े खरीदने कंचनपुर बाजार गई थी, लेकिन वापस नहीं लौटी। परिजनों ने काफी खोजबीन की, परंतु कोई सुराग नहीं मिला। इस पर थाना तरवां में सुसंगत धाराओं में अज्ञात अभियुक्त के विरुद्ध मुकदमा पंजीकृत किया गया। विवेचना उ0नि0 जयप्रकाश द्वारा की गई।
जांच के दौरान अपहृता को सुरक्षित बरामद कर लिया गया। पीड़िता के बयान और अन्य साक्ष्यों के आधार पर धारा-180 बीएनएस और अभियुक्त की पहचान के बाद धारा-87/64 बीएनएस व 3/4 पोक्सो एक्ट की बढ़ोत्तरी की गई।
सोमवार को उ0नि0 जयप्रकाश व उनकी टीम ने अभियुक्त अंकित उर्फ अनिल कुमार यादव, पुत्र गोविन्द यादव, निवासी घुरेहटा (पुरे दरियाव का पुरवा), थाना इनायतनगर, जनपद अयोध्या को कंचनपुर बाजार, थाना तरवां, जनपद आजमगढ़ से गिरफ्तार किया।
