रिपोर्ट: अरुण यादव
आजमगढ़। जिले के जीयनपुर कोतवाली क्षेत्र टेकनगाढ़ा गांव में रहने वाली 29 वर्षीय विवाहिता कविता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। इस घटना ने पूरे गांव को सदमे में डाल दिया। शुरुआती सूचना ग्रामीणों के माध्यम से परिजनों तक पहुंची, जिसके बाद मामला तेजी से तूल पकड़ने लगा। मौके पर पहुची पुलिस ने शव को कब्ज़े में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और घटना के कारणों की जांच में जुट गई है।
मिली जानकारी के अनुसार टेकनगाढ़ा निवासी कविता 30 वर्ष पत्नी यशवंत की मंगलवार की देर शाम अचानक संदिग्ध हालात में मौत हो गई। घटना की भनक लगते ही विवाहिता के मायके मोहल्ला जमीन बरामदपुर, थाना मुहम्मदाबाद गोहना, जनपद मऊको इसकी सूचना दी गई। खबर मिलते ही मृतका का भाई हरिराम तुरंत टेकनगाढ़ा पहुंचा और डायल-112 पर फोन कर पुलिस को जानकारी दी।
सूचना पाकर मौके पर पहुंची डायल-112 पुलिस टीम ने हालात का जायजा लेने के बाद जीयनपुर कोतवाली को मामले से अवगत कराया। इसके बाद जीयनपुर पुलिस भी मौके पर पहुंची और पंचनामा भरने के पश्चात शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना के कारणों को लेकर पुलिस छानबीन में जुटी है और परिजनों से भी पूछताछ की जा रही है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की वास्तविक वजह साफ हो पाएगी।
