आज़मगढ़। जन शिकायतों के त्वरित और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण में आजमगढ़ पुलिस ने एक बार फिर अपनी काबिलियत साबित की है। नवंबर 2025 की राज्य स्तरीय रैंकिंग में जनपद आजमगढ़ ने पूरे प्रदेश में पहला स्थान हासिल किया।
आईजीआरएस पोर्टल पर शिकायतों के समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण में आजमगढ़ पुलिस ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए प्रदेश में टॉप रैंक हासिल की है। यह उपलब्धि एसपी डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन और पुलिस टीम की प्रभावी कार्यप्रणाली का परिणाम मानी जा रही है।
जन शिकायतों के निस्तारण को लेकर प्रदेश भर में की गई समीक्षा में आजमगढ़ पुलिस ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए इतिहास रच दिया है। आईजीआरएस पोर्टल पर दर्ज शिकायतों के समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के आधार पर की गई राज्य स्तरीय रैंकिंग में जनपद आजमगढ़ को नवंबर 2025 महीने के लिए प्रथम स्थान प्राप्त हुआ है।
शासन स्तर से प्रत्येक माह शिकायतों के निस्तारण, फीडबैक और गुणवत्ता की गहन समीक्षा की जाती है। इसी प्रक्रिया में पाया गया कि आजमगढ़ पुलिस ने शिकायतों पर सबसे तेज, सबसे प्रभावी और नियम सम्मत कार्रवाई की। पोर्टल पर समय से आख्या की फीडिंग, फॉलोअप और फरियादियों को संतोषजनक समाधान उपलब्ध कराना इस उपलब्धि का मुख्य आधार रहा।
यही नहीं, पूरे जनपद के सभी 25 थानों ने भी सामूहिक रूप से प्रदेश स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त कर उत्कृष्ट कार्य करने का प्रमाण प्रस्तुत किया है। थानों की रैंकिंग फरियादियों द्वारा दिए गए फीडबैक और शिकायतों पर की गई कार्यवाही की गुणवत्ता के आधार पर की जाती है।
एसपी आजमगढ़ डॉ. अनिल कुमार के मार्गदर्शन और टीमवर्क ने इस उपलब्धि को और भी खास बना दिया है। उनके निर्देशन में आजमगढ़ पुलिस ने शिकायतों के समाधान में पारदर्शिता, संवेदनशीलता और तीव्रता को प्राथमिकता दी, जिसके चलते आमजन और फरियादियों में पुलिस के प्रति विश्वास और संतुष्टि बढ़ी है।
उच्चाधिकारियों ने भी आजमगढ़ पुलिस की इस शानदार उपलब्धि की सराहना करते हुए इसे प्रदेश के लिए प्रेरणा बताया है। यह सफलता जनपद के पुलिस कर्मियों की मेहनत, ईमानदारी और बेहतर सामंजस्य का परिणाम है।
