आजमगढ़। पुलिस ने महिला एवं बाल विकास मंत्रालय, भारत सरकार के निर्देशों के अनुपालन में ‘बाल विवाह मुक्त भारत अभियान’ के अंतर्गत व्यापक जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, आजमगढ़ के निर्देशन एवं अपर पुलिस अधीक्षक यातायात/नोडल अधिकारी, ए.एच.टी. के पर्यवेक्षण में यह कार्यक्रम थाना एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग (AHT), महिला थाना एवं जन विकास संस्थान, आजमगढ़ के संयुक्त तत्वावधान में सम्पन्न हुआ।
कार्यक्रम के मुख्य आकर्षण के रूप में प्रभारी निरीक्षक अभय राज मिश्रा ने ‘बाल विवाह मुक्ति जागरूकता रथ’ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह रथ जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में घूमते हुए बाल विवाह के सामाजिक, शारीरिक और मानसिक दुष्परिणामों के बारे में आमजन को जागरूक करता रहा। आमजन को बताया गया कि बाल विवाह कानूनन अपराध है और इसकी सूचना संबंधित विभागों को देना प्रत्येक नागरिक का दायित्व है।
इस दौरान आपातकालीन सहायता एवं शिकायत हेतु टोल-फ्री हेल्पलाइन नंबर 108 (एंबुलेंस), 112 (पुलिस), 1098 (चाइल्ड हेल्पलाइन), 1090/181 (महिला हेल्पलाइन), 1930 (साइबर हेल्पलाइन) और 1076 (मुख्यमंत्री हेल्पलाइन) की जानकारी भी साझा की गई।
