आज़मगढ़। शहर कोतवाली पुलिस ने लाखों रुपये के गबन में फरार इंडसइंड बैंक का पूर्व कर्मचारी पुलिस के रडार पर आ गया है। आजमगढ़ पुलिस ने न्यायालय के आदेश पर आरोपी को फरार घोषित करते हुए उसके खिलाफ  कार्रवाई शुरू कर दी है।

इंडसइंड बैंक के पूर्व कर्मचारी दीनदयाल उपाध्याय, निवासी ग्राम मुस्तफाबाद, थाना जहानागंज, जनपद आजमगढ़, के खिलाफ पुलिस ने बड़ा कदम उठाया है। लाखों रुपये का गबन कर फरार चल रहे इस अभियुक्त को फरार घोषित करते हुए कार्रवाई की गई।

पुलिस ने उसकी गिरफ्तारी के लिए कई बार उसके घर और संभावित ठिकानों पर दबिश दी, लेकिन न तो गिरफ्तारी हो सकी और न ही अभियुक्त ने न्यायालय में आत्मसमर्पण किया। इसके बाद मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट के आदेश के अनुसार ग्राम मुस्तफाबाद स्थित अभियुक्त के घर पर पुलिस ने नोटिस चस्पा किया और डुगडुगी बजवाई, साथ ही गवाहों के हस्ताक्षर कराए गए।

अभियुक्त दीनदयाल उपाध्याय ने इंडसइंड बैंक में कार्यरत रहते हुए अपने पद का दुरुपयोग किया और एफडी कराने के नाम पर विभिन्न लोगों से लाखों रुपये अपने खाते में ट्रांसफर कर गबन किया।