आज़मगढ़  थाना शहर कोतवाली क्षेत्र में शुक्रवार को उस वक्त अफरा-तफरी मच गई जब एक 20 वर्षीय छात्र ने तमसा नदी में कूदकर आत्महत्या का प्रयास कर लिया। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और पीआरवी व स्थानीय लोगों की मदद से छात्र को सुरक्षित बाहर निकालकर उसकी जान बचा ली। पुलिस की त्वरित कार्रवाई और मानवीय संवेदनशीलता से एक बड़ा हादसा टल गया।
मिली जानकारी के अनुसार विकिल प्रजापति, निवासी जनपद आज़मगढ़, हाईस्कूल परीक्षा देने के लिए आया था। इसी दौरान उसने तमसा नदी में कूदकर आत्महत्या का प्रयास किया। घटना की सूचना मिलते ही थाना कोतवाली पुलिस, पीआरवी टीम और स्थानीय नागरिक तत्काल मौके पर पहुंचे और संयुक्त प्रयास से छात्र को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। इसके बाद उसे उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया। परिजनों ने बताया कि छात्र मानसिक रूप से अस्वस्थ है। पुलिस की तत्परता और संवेदनशील कार्रवाई से एक अमूल्य जीवन को बचाया जा सका।