आज़मगढ़। दीपावली के शुभ अवसर पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के कुशल निर्देशन में आज जनपद की पुलिस ने मानवता की मिसाल पेश की। सोमवार को जनपद के सभी थाना प्रभारियों ने अपने-अपने क्षेत्रों की गरीब बस्तियों में जाकर जरूरतमंद लोगों को मिष्ठान, नए कपड़े, मोमबत्तियां और फुलझड़ियां वितरित कीं।

इस दौरान पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने स्थानीय नागरिकों से सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण तरीके से दीपावली मनाने की अपील की। साथ ही सामाजिक सद्भाव और मानवता के मूल्यों को आगे बढ़ाने का संकल्प भी लिया।

एसएसपी डॉ. अनिल कुमार ने कहा कि पुलिस सिर्फ कानून-व्यवस्था की रक्षक नहीं, बल्कि समाज की संवेदनशील और सेवा-भावी संस्था है। जरूरतमंदों के चेहरों पर मुस्कान लाना ही सच्ची दीपावली है।