आजमगढ़। कोडीनयुक्त कफ सिरप तस्करी मामले में फरार चल रहे एक आरोपी के आत्मसमर्पण के बाद पुलिस की कार्रवाई तेज हो गई है। पुलिस अब आरोपी को रिमांड पर लेकर पूरे नेटवर्क की गहन पूछताछ की तैयारी में जुटी है।
मिली जानकारी के अनुसार, कोडीनयुक्त कफ सिरप की तस्करी के आरोपी जेठारी गांव निवासी विपेंद्र सिंह ने जौनपुर कोर्ट में आत्मसमर्पण कर दिया है। आत्मसमर्पण के बाद आजमगढ़ पुलिस सक्रिय हो गई है और आरोपी को रिमांड पर लेने के लिए कोर्ट में आवेदन करेगी।
बताया जा रहा है कि पूर्वांचल में बड़े पैमाने पर कोडीनयुक्त कफ सिरप की खरीद-फरोख्त हुई थी। इस मामले में आजमगढ़, बलिया और मऊ की कुल 12 फर्मों से लगभग 12 लाख बोतल कफ सिरप की खरीद की गई थी। इनमें से आजमगढ़ की एक फर्म पर बिक्री दिखाई गई, जबकि शेष सिरप अन्य जनपदों में बेच दिए गए। पुलिस जांच में इसके बांग्लादेश तक पहुंचाए जाने के भी सुराग मिले हैं।
इस मामले में दीदारगंज थाना क्षेत्र के नरवे गांव निवासी विकास सिंह और विपेंद्र सिंह की तलाश की जा रही थी। माना जा रहा है कि विकास सिंह देश छोड़कर फरार हो चुका है, जिसकी लोकेशन हाल ही में दुबई में मिली थी। वहीं, विपेंद्र सिंह के भी देश छोड़कर भागने की सूचना पर पुलिस ने उसके खिलाफ लुकआउट सर्कुलर जारी किया था।
लुकआउट नोटिस जारी होने के बाद विपेंद्र सिंह ने बुधवार को आर्म्स एक्ट के एक पुराने मामले में जौनपुर कोर्ट में आत्मसमर्पण कर दिया। अब पुलिस उसे रिमांड पर लेकर इस अंतरजनपदीय और अंतरराष्ट्रीय तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच करेगी।
एसपी ग्रामीण चिराग जैन ने बताया कि
जौनपुर कोर्ट में विपेंद्र ने आत्मसमर्पण कर दिया है, अब उससे पूछताछ के लिए रिमांड पर लिया जाएगा। इसके लिए कोर्ट में आवेदन दिया जाएगा।
