रिपोर्ट: अरुण यादव
आजमगढ़। 79वें स्वतंत्रता दिवस राष्ट्रीय पर्व के शुभ अवसर पर हर घर तिरंगा अभियान के तहत आजमगढ़ पुलिस द्वारा भव्य तिरंगा बाइक रैली का आयोजन किया गया। इस रैली का नेतृत्व वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हेमराज मीना, अपर पुलिस अधीक्षक मधुवन कुमार सिंह, एसपी सिटी, एसपी ग्रामीण, क्षेत्राधिकारी नगर शुभम तोदी एवं पर्याप्त पुलिस बल ने किया।

तिरंगा बाइक रैली थाना कोतवाली से प्रारंभ होकर अग्रसेन चौराहा, गांधी तिराहा, रैदोपुर तिराहा, शारदा चौराहा, सिधारी पुल तिराहा (दाहिने से), हाईडिल चौराहा, नरौली तिराहा, गिरजाघर चौराहा, घंटाघर चौराहा से होती हुई पुनः अग्रसेन चौराहा के रास्ते थाना कोतवाली पर सकुशल सम्पन्न हुई।
रैली के दौरान पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारियों ने तिरंगा ध्वज लहराते हुए पूरे मार्ग पर देशभक्ति के नारे लगाए और लोगों को स्वतंत्रता दिवस के महत्व का संदेश दिया।

इस अवसर पर पुलिस अधिकारियों ने आमजन से अपील की कि वे अपने घर, दुकान, व्यापारिक प्रतिष्ठान, सरकारी एवं गैर-सरकारी संस्थानों पर तिरंगा फहराएं और आजादी के पर्व को हर्षोल्लास के साथ मनाएं। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हेमराज मीना ने बाइक रैली में शामिल सभी पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारियों को बधाई दी और कहा कि इस रैली का मुख्य उद्देश्य तिरंगे की आन, बान और शान को बनाए रखना तथा लोगों के दिलों में देशभक्ति की भावना को जागृत करना है।

एसएसपी ने बताया कि आज पूरे जनपद के सभी थानों से शासन के निर्देशानुसार तिरंगा बाइक रैली निकाली गई। उन्होंने कहा कि कल जिला मुख्यालय पर कार्यक्रम होगा और इसके बाद दो दिनों तक लगातार हर घर, अस्पताल, स्कूल, सरकारी और निजी संस्थानों पर तिरंगा फहराने की मुहिम चलाई जाएगी।
