आजमगढ़। जिले  में 77वें गणतंत्र दिवस समारोह को भव्य और गरिमामय बनाने की तैयारियाँ पूरी कर ली गई हैं। इसी क्रम में पुलिस लाइन परेड ग्राउंड में गणतंत्र दिवस परेड का सफल पूर्वाभ्यास आयोजित किया गया, जिसमें पुलिस बल की अनुशासन, एकरूपता और समन्वय की प्रभावशाली झलक देखने को मिली।

शनिवार को पुलिस लाइन्स आजमगढ़ में 77वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर आयोजित होने वाली भव्य परेड के दृष्टिगत पूर्वाभ्यास (रिहर्सल) का आयोजन किया गया। यह पूर्वाभ्यास वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आजमगढ़ डॉ. अनिल कुमार के नेतृत्व एवं निर्देशन में सम्पन्न हुआ।

इस  दौरान परेड की अनुशासनात्मक तैयारी, मार्च पास्ट, सलामी, टुकड़ियों की एकरूपता तथा आपसी समन्वय का गहन अभ्यास कराया गया। परेड में कुल 10 टोलियों ने प्रतिभाग किया, जिनका नेतृत्व प्रथम परेड कमाण्डर प्रेमसुख दरिया (स0पु0अ0), द्वितीय परेड कमाण्डर निरीक्षक शशिचन्द्र चौधरी तथा तृतीय परेड कमाण्डर एस0आई0ए0पी0 अभिषेक सिंह द्वारा किया गया।


परेड टोलियों में पुलिस कांस्टेबल, नागरिक पुलिस, सीईआर, एईआर, महिला पीएसी, होमगार्ड्स एवं सीटीएस के जवानों ने सहभागिता की। इसके अतिरिक्त पुलिस विभाग के विभिन्न विशेष दस्तों द्वारा भी प्रभावशाली सहभागिता की गई, जिनमें मोटर साइकिल स्क्वायड, वायरलेस दस्ता, फील्ड यूनिट, डॉग स्क्वायड, डायल-112 (मोटर साइकिल, इनोवा, बोलेरो), ईगल मोबाइल, एण्टी रोमियो स्क्वायड, सर्विलांस टीम, क्यूआरटी/स्वाट टीम (वज्र), कैमो फ्लैग्स वाहन (आधुनिक दस्ता) एवं फायर सर्विस सहित अन्य विशेष दस्ते शामिल रहे।

इस दौरान वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ अनिल कुमार द्वारा परेड की सलामी ली गई तथा अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए गणतंत्र दिवस समारोह को अनुशासित, गरिमामय एवं भव्य स्वरूप प्रदान करने के लिए प्रेरित किया गया।