रिपोर्ट: आशीष निषाद

अतरौलिया/आजमगढ़। अतरौलिया में स्थित एसडी ग्लोबल पब्लिक स्कूल को केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) से संबद्धता मिल गई है। इस उपलब्धि पर क्षेत्रीय विधायक डॉ. संग्राम यादव ने विद्यालय पहुंचकर प्रबंधन को बधाई दी और इसे ग्रामीण शिक्षा के लिए ऐतिहासिक कदम बताया।

मिली जानकारी के अनुसार अतरौलिया स्थित एसडी ग्लोबल पब्लिक स्कूल को केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड से मान्यता प्राप्त हुई है। इस अवसर पर क्षेत्रीय विधायक डॉ. संग्राम यादव विद्यालय परिसर पहुंचे, जहां विद्यालय परिवार ने उनका स्वागत किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक ने विद्यालय की उपलब्धि को क्षेत्र के लिए गौरवपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि यह संस्थान ग्रामीण परिवेश के बच्चों को बेहतर और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान कर रहा है। उन्होंने विश्वास जताया कि सीबीएसई की मान्यता मिलने से विद्यालय नई ऊंचाइयों को छुएगा और क्षेत्र के बच्चों को प्रतिस्पर्धात्मक शिक्षा का बेहतर अवसर मिलेगा। विधायक ने विद्यालय के विकास के लिए हर संभव सहयोग का आश्वासन भी दिया।
विद्यालय के निदेशक राधेश्याम यादव ने विधायक का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सीबीएसई से संबद्धता मिलना क्षेत्र के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। अब ग्रामीण क्षेत्र के बच्चों को आधुनिक और राष्ट्रीय स्तर की शिक्षा स्थानीय स्तर पर ही उपलब्ध हो सकेगी।
कार्यक्रम में प्रधानाचार्या अनीता यादव, ग्राम प्रधान बृजराज यादव, ग्राम प्रधान नरेंद्र यादव, राजेश कुमार तिवारी और प्रदीप यादव सहित विद्यालय के शिक्षकगण एवं छात्र-छात्राएं मौजूद रहे। उपस्थित लोगों ने इसे ग्रामीण शिक्षा को सशक्त बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।