आजमगढ़ । मुख्य विकास अधिकारी परीक्षित खटाना की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में वृहद विधिक साक्षरता/मेगा शिविर के आयोजन को लेकर समस्त जनपद स्तरीय अधिकारियों के साथ बैठक आयोजित की गई।
उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण लखनऊ के निर्देशानुसार 22 फरवरी 2026 को जनपद स्तर पर वृहद विधिक साक्षरता/मेगा शिविर आयोजित किया जाएगा। मुख्य विकास अधिकारी ने सभी विभागों को निर्देश दिया कि शिविर में जनकल्याणकारी योजनाओं जैसे वृद्धा पेंशन योजना, विधवा पेंशन योजना, सामूहिक विवाह योजना, कन्या सुमंगला योजना, प्रधानमंत्री/मुख्यमंत्री आवास योजना, पेंशन योजना, विश्वकर्मा सम्मान योजना, किसानों से जुड़ी योजनाओं और दिव्यांगजनों के लिए संचालित योजनाओं के लाभार्थियों को लाभान्वित किया जाए।
उन्होंने अधिकारियों को प्री-कैम्प ब्लॉक और तहसील स्तर पर आयोजित करने के निर्देश दिए ताकि अधिक से अधिक लाभार्थियों की पहचान हो सके। प्री-कैम्प में चिन्हित लाभार्थियों को स्वीकृति पत्र, प्रशस्ति पत्र और मोमेंटो वितरित करने की व्यवस्था भी सुनिश्चित की जाएगी।
मुख्य विकास अधिकारी ने सभी विभागों से बृहद शिविर का व्यापक प्रचार-प्रसार कराने को कहा, जिससे आम जनता अधिक से अधिक योजनाओं का लाभ उठा सके। बैठक में मुख्य राजस्व अधिकारी संजीव ओझा, मुख्य कोषाधिकारी अनुराग श्रीवास्तव, जिला विकास अधिकारी संजय कुमार सिंह समेत सभी जनपद स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।
