आज़मगढ़। जिले के निजामाबाद कस्बा निवासी पुष्पा प्रजापति को ब्लैक पॉटरी (काली मिट्टी कला) के माध्यम से राम-केवट संवाद को जीवंत रूप में प्रस्तुत करने वाली उत्कृष्ट कलाकृति के लिए वर्ष 2025-26 के राज्य पुरस्कार के लिए चयनित किया गया है। उनके चयन से परिवार और क्षेत्र में खुशी की लहर है।

मिली जानकारी के अनुसार, निजामाबाद कस्बे की रहने वाली पुष्पा प्रजापति पत्नी बैजनाथ प्रजापति को यह सम्मान उद्योग एवं उद्यम प्रोत्साहन निदेशालय, उत्तर प्रदेश, हस्तकला अनुभाग-13, सर्वोदय नगर, जीटी रोड, कानपुर द्वारा प्रदान किया जाएगा। इस संबंध में विभाग की ओर से उन्हें पत्र के माध्यम से सूचना दी गई है।

बताया गया कि पुष्पा प्रजापति ने ब्लैक पॉटरी में राम-केवट संवाद को मिट्टी की कलाकृति के रूप में उकेरा है। इस कलाकृति में एक नाव पर भगवान श्रीराम, लक्ष्मण और माता जानकी को केवट द्वारा सरयू नदी पार कराते हुए दर्शाया गया है। पारंपरिक निजामाबाद मिट्टी कला को नवीन स्वरूप देने और ब्लैक पॉटरी के माध्यम से सांस्कृतिक विरासत को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने के कारण उनकी यह कलाकृति चयन का प्रमुख आधार बनी।

राज्य पुरस्कार के लिए चयनित होने पर पुष्पा प्रजापति ने खुशी जताते हुए कहा कि यह सम्मान उनके लिए गर्व का विषय है। उन्होंने इसके लिए प्रदेश सरकार और संबंधित विभाग के प्रति आभार व्यक्त किया।