आज़मगढ़। धरतीपुत्र, युगद्रष्टा और पद्मविभूषण से सम्मानित जननायक, मा. मुलायम सिंह यादव की 86वीं जयंती पार्टी कार्यालय पर उनकी प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर मनाई गई।
जिलाध्यक्ष हवलदार यादव ने गोष्ठी को संबोधित करते हुए मुलायम सिंह यादव के व्यक्तित्व और कृतित्व पर चर्चा की। उन्होंने कहा कि वह गरीबों, मजलूमों और किसानों के सच्चे नेता थे। उन्होंने अपने जीवन में संघर्ष करते हुए तीन बार उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री और एक बार देश के रक्षा मंत्री के रूप में सेवा की। रक्षा मंत्री रहते हुए उन्होंने सैनिकों के शहीद होने पर उनके शव को सम्मानपूर्वक घर भेजने का ऐतिहासिक निर्णय लिया।
प्रदेश के मुख्यमंत्री के रूप में उन्होंने किसानों और आम जनता के हित में अनेक योजनाओं को लागू किया, जिनमें दुर्घटना बीमा योजना, प्राकृतिक आपदा में मृत्यु अनुदान, कन्या विद्याधन योजना, सिंचाई और मुफ्त दवाई वितरण शामिल हैं। उन्होंने पंचायती राज व्यवस्थाओं को मजबूत किया और पिछड़े व दलित वर्ग को आरक्षण के माध्यम से भागीदारी सुनिश्चित कर सम्मान दिलाया। साथ ही, मंदिर-मस्जिद प्रकरण में कठोर निर्णय लेकर संविधान की मर्यादा कायम की और देश का सम्मान बढ़ाया।
कार्यक्रम का संचालन हरिप्रसाद दुबे ने किया। इस अवसर पर पूर्व मंत्री चंद्रदेव राम यादव करैली, विधायक एच.एन. सिंह पटेल, कमलाकांत राजभर, अखिलेश यादव, जिला पंचायत अध्यक्ष विजय यादव, अन्य विधायक और स्थानीय राजनीतिक, सामाजिक और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
