आजमगढ़। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार और मुख्य विकास अधिकारी परीक्षित खटाना की अध्यक्षता में तहसील बूढ़नपुर में संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। इस दौरान जन समस्याओं के शीघ्र एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण पर जोर दिया गया।
शनिवार को तहसील बूढ़नपुर के सभागार में आयोजित इस संपूर्ण समाधान दिवस में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार और मुख्य विकास अधिकारी परीक्षित खटाना ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि जन समस्याओं का निस्तारण समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण हो। मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि प्रारम्भिक स्तर पर ही समस्याओं का समाधान हो जाए तो जनता को मुख्यालय तक आने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने विशेष रूप से भूमि विवाद से जुड़े मामलों में राजस्व और पुलिस की संयुक्त टीम को मौके पर जाकर दोनों पक्षों के बीच वार्ता कर समाधान करने का निर्देश दिया। इस अवसर पर कुल 87 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 41 राजस्व, 24 पुलिस, 8 विकास और 14 अन्य विभागों से संबंधित थीं। मौके पर तीन प्रकरणों का समाधान किया गया, जबकि बाकी शिकायतों के समयबद्ध निस्तारण के लिए अधिकारियों को निर्देशित किया गया।
इस अवसर पर उप जिलाधिकारी बूढ़नपुर, तहसीलदार बूढ़नपुर, परियोजना निदेशक सहित सभी जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।
