आज़मगढ़। जिले के मुबारकपुर थाना के खुझिया बाज़ार  के पास बुधवार की रात पीछे से आ रही कार ने बाइक को टक्कर मार दी, हादसे में बाइक पर सवार एक निजी स्कूल प्रबंधक गंभीर रूप से घायल हो गए और अस्पताल में उनकी मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्ज़े में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

मिली जानकारी के अनुसार, मृतक जाफर हैदर मुबारकपुर कस्बे के मारवेलस पब्लिक स्कूल के प्रबंधक थे। वह जमुड़ी स्थित निजी अस्पताल में भर्ती अपनी पत्नी से मिलने जा रहे थे।
बुधवार की शाम जाफर बाइक से अस्पताल के लिए निकले थे। रात आठ बजे खुझिया बाजार के पास पीछे से आ रही तेज रफ्तार कार ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर के बाद कार चालक वाहन लेकर फरार हो गया।
स्थानीय लोगों की मदद से घायल प्रबंधक को जिला अस्पताल लाया गया, लेकिन चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

थानाध्यक्ष मुबारकपुर, शशिमौली पांडेय ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। अब तक कोई तहरीर नहीं दी गई है। पुलिस मामले की सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है।