रिपोर्ट: अरुण यादव
आज़मगढ़। जिले के जीयनपुर कोतवाली क्षेत्र में शुक्रवार की सुबह एक सड़क हादसे में साइकिल से स्कूल जा रहे शिक्षक की अज्ञात वाहन की टक्कर से मौत हो गई। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया।
मिली जानकारी के अनुसार जीयनपुर कोतवाली क्षेत्र के छतरपुर खुशहाल गांव निवासी 57 वर्षीय दूधनाथ यादव, पुत्र स्वर्गीय रामधारी यादव, मुबारकपुर क्षेत्र के बनकट स्थित एक प्राइवेट स्कूल में अध्यापक थे।
शुक्रवार की सुबह करीब नौ बजे वे रोज़ की तरह साइकिल से स्कूल जा रहे थे। जैसे ही वे शहीद पार्क नत्थूपुर के पास पहुंचे, तभी दोहरीघाट से आजमगढ़ की ओर जा रहे एक अज्ञात वाहन ने उनकी साइकिल में जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि दूधनाथ यादव गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास मौजूद लोगों और परिजनों की मदद से उन्हें मंडलीय अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
मौत की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। पत्नी बसंती देवी, पुत्र पंकज कुमार यादव और पुत्री पुष्पा यादव का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और अज्ञात वाहन की तलाश शुरू कर दी है।
