रिपोर्ट: अभिषेक उपाध्याय
आजमगढ़। जिले के जहानागंज थाना क्षेत्र अंतर्गत सेमा बाजार में मंगलवार दोपहर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक किराना दुकान को निशाना बनाकर उचक्कों ने बड़ी वारदात को अंजाम दे दिया। मौका पाकर बदमाश काउंटर तोड़कर करीब ₹25 हजार नकद लेकर फरार हो गए।
स्थानीय कस्बा निवासी संजय यादव की किराना दुकान से वे कुछ देर के लिए बाहर गए हुए थे। इसी दौरान दो युवक मोटरसाइकिल से वहां पहुंचे। बाइक पर पीछे बैठा युवक उतरकर सीधे दुकान के अंदर घुस गया। पहले उसने आसपास नजर दौड़ाई, फिर झटके से काउंटर खोलते हुए उसमें रखी नगदी समेट ली और बाहर निकलकर साथी के साथ बाइक से फरार हो गया।
घटना इतनी तेजी से हुई कि पास की दुकानों पर मौजूद लोगों को भनक तक नहीं लगी। जब दुकानदार वापस लौटे तो काउंटर टूटा मिला और रुपये गायब थे। बाद में सीसीटीवी फुटेज खंगालने पर पूरी वारदात कैमरे में कैद मिली।
पीड़ित की सूचना पर डायल 112 पुलिस मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल शुरू की। मामले में तहरीर दे दी गई है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी युवकों की पहचान कर उनकी तलाश में जुटी हुई है।
