रिपोर्ट: अरुण यादव
आजमगढ़। जिले क थाना रौनापार क्षेत्र में एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जिसमें एक मां ने अपने ही बेटे के खिलाफ गंभीर आरोप लगाते हुए मुकदमा दर्ज कराया। पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने जांच के बाद आरोपी बेटे को पंजाब प्रान्त के अमृतसर से गिरफ्तार कर लिया।
मामला रौनापार थाना क्षेत्र के भदौरा मकरंद गांव का है, जहां रहने वाली एक महिला ने 14 मई 2025 को अपने बेटे रामनरायन उर्फ शिवा शुक्ला के खिलाफ लिखित तहरीर दी थी। महिला ने आरोप लगाया कि उसका बेटा आए दिन उसे गाली-गलौज करता है और अब वह फेसबुक, इंस्टाग्राम और यूट्यूब जैसे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर उसकी वीडियो डालकर गालियां दे रहा है और जान से मारने की धमकी दे रहा है। साथ ही, वह हमारी सामाजिक छवि को बदनाम करने की कोशिश भी कर रहा है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने रामनरायन उर्फ शिवा शुक्ला के खिलाफ सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज किया। जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी आजमगढ़ छोड़कर पंजाब के अमृतसर में किराए के मकान में रह रहा है। पुलिस टीम ने तकनीकी सर्विलांस के जरिए अमृतसर के थाना सुल्तान विंग क्षेत्र स्थित कोर्टमीत सिंह चौकी के पास, गली नंबर 03, लकी पेंट हाउस के सामने स्थित उसके ठिकाने का पता लगाया और उसे वहां से गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से घटना में प्रयुक्त मोबाइल फोन भी बरामद किया गया।
अभियुक्त को अमृतसर न्यायालय में प्रस्तुत कर चार दिन का ट्रांजिट रिमांड मांगा गया, जिसमें से तीन दिन की रिमांड मंजूर कर उसे आजमगढ़ लाया गया। पूछताछ में रामनरायन ने स्वीकार किया कि उसने बदले की भावना से ऐसा किया।
