आजमगढ़। जिले के सगड़ी विधानसभा क्षेत्र से समाजवादी पार्टी के विधायक डॉ. एचएन सिंह पटेल का वाहन शुक्रवार को मऊ जाते समय सड़क हादसे का शिकार हो गया। यह दुर्घटना मऊ जनपद के दोहरीघाट–मऊ मार्ग पर गोठा पेट्रोल पंप के पास हुई। अज्ञात वाहन की टक्कर से विधायक की गाड़ी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हालांकि गनीमत रही कि इस हादसे में किसी को गंभीर चोट नहीं आई।

मिली जानकारी के अनुसार हादसे के समय वाहन में विधायक प्रतिनिधि मनोज राजभर, चालक डीसी चौहान, गनर गोपाल सिंह तथा अनुराग यादव सवार थे। टक्कर इतनी जोरदार थी कि गाड़ी के परखच्चे उड़ गए, लेकिन सभी लोग सुरक्षित बाहर निकल आए। सूचना मिलते ही शिक्षक सभा विधानसभा अध्यक्ष कमलेश यादव, युवजनसभा अध्यक्ष अजीत यादव समेत कई कार्यकर्ता मौके पर पहुंच गए और कुशलक्षेम जानी। वहीं विधायक डॉ. एचएन सिंह पटेल ने स्वयं फेसबुक पोस्ट कर बताया कि वे पूरी तरह सुरक्षित हैं और किसी को कोई गंभीर चोट नहीं आई है।