आज़मगढ़। जिले के बरदह थाना क्षेत्र के ग्राम सभा पसिका में सोमवार दोपहर करीब तीन बजे एक इंटर कॉलेज की स्कूली वैन अनियंत्रित होकर पलट गई, लेकिन बड़े हादसे से बच्चों की जान बच गई। वैन में सवार छह छात्रों को हल्की चोटें आईं, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद घभेज दिया गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, वैन चालक तेज रफ्तार में वाहन चला रहा था। इसी दौरान सामने से आ रहे मोटरसाइकिल सवार को बचाने के प्रयास में वैन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गेहूं के खेत में पलट गई।

घायल छात्रों में प्रांजल, आयुष, दिव्यांश, आदर्श और अराध्या शामिल हैं। स्कूल प्रबंधक संतलाल ने बताया कि स्कूल बस खराब होने के कारण बच्चों को निजी वाहन से घर भेजा जा रहा था। उन्होंने कहा कि अगर यह हादसा चालक की लापरवाही के कारण हुआ है तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। सभी बच्चों का इलाज स्कूल प्रबंधन की ओर से कराया गया है और वे पूरी तरह सुरक्षित हैं।