आजमगढ़। जिले में ऑपरेशन कन्विक्शन अभियान के तहत बड़ी सफलता सामने आई है। हत्या के एक चर्चित मामले में पांच आरोपियों को आजीवन कारावास और अर्थदंड की सजा दिलाने में अहम भूमिका निभाने वाले पांच पुलिसकर्मियों को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक द्वारा प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।

बुधवार को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आजमगढ़ डॉ. अनिल कुमार द्वारा पुलिस कार्यालय आजमगढ़ में सम्मान समारोह आयोजित किया गया। ऑपरेशन कन्विक्शन अभियान के अंतर्गत थाना जहानागंज में पंजीकृत  मुकदमे में अभियुक्त राजकुमार पुत्र भगेलू, दीपक उर्फ अमित, सतीश उर्फ डम्पी, मनीष उर्फ पप्पी एवं आशा पत्नी राजकुमार निवासी बड़ौरा खुर्द, थाना जहानागंज को न्यायालय द्वारा आजीवन कारावास तथा कुल ₹61,500 के अर्थदंड से दंडित कराया गया।


इस महत्वपूर्ण सफलता में योगदान देने वाले पांच पुलिसकर्मियों को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक द्वारा प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। एसएसपी ने सभी सम्मानित कर्मियों के कर्तव्यनिष्ठा, परिश्रम और सराहनीय कार्यों की प्रशंसा करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की तथा जनपद के अन्य पुलिसकर्मियों को भी ऑपरेशन कन्विक्शन के अंतर्गत प्रभावी पैरवी कर अपराधियों को सजा दिलाने के लिए प्रेरित किया।


प्रशस्ति पत्र प्राप्त करने वालों में उपनिरीक्षक विनय सिंह (पीआरओ, एसएसपी कार्यालय/तत्कालीन विवेचक थाना जहानागंज), मुख्य आरक्षी गजानन सरोज (मॉनिटरिंग सेल), मुख्य आरक्षी जलील अली (कोर्ट पैरोकार), आरक्षी ओम प्रकाश यादव (मॉनिटरिंग सेल) एवं आरक्षी कुलदीप पटेल (कोर्ट मोहर्रिर) शामिल रहे।
सम्मान समारोह के दौरान अपर पुलिस अधीक्षक नगर मधुबन कुमार सिंह तथा अपर पुलिस अधीक्षक यातायात विवेक त्रिपाठी भी मौजूद रहे।