आजमगढ़। वक। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आजमगढ़ हेमराज मीना ने शुक्रवार को पुलिस लाइन परिसर में आयोजित परेड का निरीक्षण किया। परेड में रिक्रूट महिला आरक्षियों के साथ-साथ डॉग स्क्वॉड व ड्रोन कैमरा दल ने भाग लिया। निरीक्षण के दौरान एसएसपी ने परेड की सलामी ली और सभी उपस्थित पुलिसकर्मियों को अनुशासन और सेवा भाव की शपथ के साथ दिशा-निर्देश भी दिए। इस मौके पर अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण चिराग जैन, क्षेत्राधिकारी नगर/लाइन शुभम तोदी, प्रशिक्षणाधीन क्षेत्राधिकारी और प्रतिसार निरीक्षक पुलिस लाइन्स सहित अन्य पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।
परेड के दौरान एसएसपी द्वारा महिला रिक्रूट आरक्षियों की टोलीवार टर्नआउट की बारीकी से जांच की गई। उन्होंने उनकी ड्रेस, अनुशासन, प्रस्तुति और शारीरिक उपस्थिति का निरीक्षण करते हुए आवश्यक सुधार के निर्देश दिए। इसके अलावा, उन्होंने प्रशिक्षण स्थल, बैरक और उपकरणों की स्थिति का भी जायजा लिया। साफ-सफाई, सुरक्षा और व्यवस्थाओं को लेकर अधिकारियों को विशेष निर्देश जारी किए गए।
निरीक्षण के बाद एसएसपी हेमराज मीना ने महिला रिक्रूट आरक्षियों के मेस, आवासीय परिसर, जीडी कार्यालय, गणना कार्यालय, आरटीसी कार्यालय, सब्सिडी कैंटीन, जनपद नियंत्रण कक्ष, मोटर वाहन शाखा, स्टोर, क्वार्टर गार्ड, शस्त्रागार, गैस एजेंसी, नफीस कार्यालय व अन्य प्रमुख शाखाओं का भ्रमण कर व्यवस्थाओं की पड़ताल की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से व्यवस्थाएं सुधारने और रिक्रूट्स को उच्च स्तरीय प्रशिक्षण देने के लिए कहा।
इसके अलावा, यूपी-112 सेवा के दोपहिया व चार पहिया वाहनों का भी निरीक्षण किया गया। वाहनों में मौजूद उपकरणों की कार्यक्षमता, टैबलेट की स्थिति और नियमित सफाई पर विशेष ध्यान देते हुए एसएसपी ने यूपी-112 प्रभारी को निर्देशित किया कि सभी कमियों को समय रहते दूर किया जाए। उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि प्रत्येक ड्यूटी वाहन में दंगा नियंत्रण उपकरण अनिवार्य रूप से उपलब्ध हों।
एसएसपी ने ड्यूटी पर तैनात सभी कर्मियों को निर्देशित किया कि वे सुसज्जित वर्दी में रहें, समय का पालन करें और जनता के साथ मधुर व्यवहार बनाए रखें।
