आज़मगढ़। जिले की एक छात्रा द्वारा अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय के आवासीय हॉस्टल में संदिग्ध परिस्थितियों आत्महत्या किए जाने से सनसनी फैल गई। घटना सोमवार शाम की बताई जा रही है, जब छात्रा अपने कमरे में अकेली थी। सूचना पर विश्वविद्यालय प्रशासन और पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन इलाज के दौरान छात्रा को बचाया नहीं जा सका।
मिली जानकारी के अनुसार, अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय में डिप्लोमा कंप्यूटर साइंस की पढ़ाई कर रही आज़मगढ़ की छात्रा ने सरोजनी नायडू हॉस्टल के अपने कमरे में दुपट्टे से फंदा बनाकर पंखे से लटककर आत्महत्या कर ली। वह मूल रूप से आज़मगढ़ के बाज बहादुर इलाके की रहने वाली थी और डिप्लोमा कंप्यूटर साइंस की अंतिम वर्ष की छात्रा थी।
घटना सोमवार शाम करीब सवा सात बजे की बताई जा रही है। उस समय छात्रा अपने कमरे में अकेली थी, जबकि उसकी रूममेट अवकाश में घर गई हुई थी। बताया जा रहा है कि छात्रा सऊदी अरब में रह रहे अपने पिता से लैपटॉप के जरिए वीडियो कॉल पर बातचीत कर रही थी। इसी दौरान उसने कमरे में ही आत्मघाती कदम उठा लिया।
वीडियो कॉल के दौरान ही पिता ने तत्काल एएमयू में कार्यरत अपने एक रिश्तेदार को सूचना दी। रिश्तेदार का बेटा तुरंत सरोजनी नायडू हॉस्टल पहुंचा और विश्वविद्यालय प्रशासन को अवगत कराया। सूचना मिलते ही एएमयू की प्रॉक्टर टीम, हॉस्टल स्टाफ और सिविल लाइंस थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई। टीम को कमरे का दरवाजा अंदर से बंद मिला, जिसे खोलकर छात्रा को फंदे से उतारा गया।
आनन-फानन में छात्रा को मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां आईसीयू में करीब तीन घंटे तक इलाज चला, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
एएमयू प्रॉक्टर प्रोफेसर वसीम अली के अनुसार, अब तक की जांच में सामने आया है कि छात्रा घटना के समय कमरे में अकेली थी।
फिलहाल पुलिस की फॉरेंसिक टीम ने हॉस्टल के कमरे की जांच शुरू कर दी है। पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है और परिजनों को सूचना दे दी गई है।
