आज़मगढ़। जिले के जीयनपुर कोतवाली के नगर पंचायत अजमतगढ़ में मंगलवार सुबह एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना के बाद मायके पक्ष ने दहेज हत्या का आरोप लगाते हुए पति समेत ससुराल पक्ष के चार लोगों के खिलाफ तहरीर दी, जिस पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मऊ जनपद के मोहम्मदाबाद गोहना थाना क्षेत्र के कादीपुर गांव निवासी शिवदत्त की 24 वर्षीय पुत्री सुरेता की शादी 25 नवंबर 2025 को जीयनपुर कोतवाली क्षेत्र के नगर पंचायत अजमतगढ़ स्थित सुभाष बोस नगर मोहल्ला निवासी जगदीश के साथ हुई थी। मिली जानकारी के अनुसार, शादी के बाद से ही ससुराल पक्ष द्वारा बड़ी गाड़ी और रुपये की मांग को लेकर उसे प्रताड़ित किया जा रहा था।
मृतका के पिता शिवदत्त ने बताया कि सोमवार सुबह दामाद के पिता फूलचंद का फोन आया, जिसमें बताया गया कि उनकी बेटी की तबीयत गंभीर है और डॉक्टरों ने जवाब दे दिया है। सूचना पाकर जब वह ससुराल पहुंचे तो बेटी मृत अवस्था में मिली। घर का दरवाजा टूटा हुआ था और ससुराल के लोग मौके से फरार थे।
वहीं, मृतका के ससुर फूलचंद का कहना है कि सुबह बहू खाना देने के बाद कमरे में चली गई थी। काफी देर तक बाहर न आने पर दरवाजा तोड़ा गया तो वह बेहोश मिली। इसके बाद उसे पीएचसी अजमतगढ़ ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
विवाहिता के पिता की तहरीर पर जीयनपुर कोतवाली पुलिस ने पति जगदीश, ससुर फूलचंद, सास रमावती और देवर संजीव के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है। कोतवाली प्रभारी राजकुमार सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मामले की गहन जांच की जा रही है।
