रिपोर्ट: अरुण यादव

आज़मगढ़। शहर के ब्रम्हस्थान स्थित निराला नगर निवासी प्राथमिक विद्यालय के शिक्षक श्याम बिहारी पाठक के अपहरण और मारपीट के मामले ने जिले में सनसनी फैला दी है। पीड़ित ने 23 जुलाई की शाम ब्रह्मस्थान पुलिस चौकी के पास खुद के साथ हुई इस वारदात की जानकारी दी है।

श्याम बिहारी पाठक के अनुसार, शाम करीब साढ़े सात बजे वे चौकी के पास खड़े थे, तभी बिना नंबर की एक फॉर्च्यूनर गाड़ी वहां आकर रुकी। गाड़ी से पंकज मोहन सोनकर, निवासी हरबंशपुर, थाना सिधारी, अपने साथियों के साथ उतरे और उन पर पिस्टल तानकर जबरन गाड़ी में खींचने लगे। शोरगुल के बीच स्थानीय लोग और चौकी के दरोगा ने उन्हें बचाने की कोशिश की, लेकिन आरोपियों ने धक्का मारकर पाठक को गाड़ी में बैठा लिया और फरार हो गए।

पीड़ित के अनुसार, उसे निजामाबाद बाजार स्थित एक आइसक्रीम फैक्ट्री में तीन घंटे तक बंधक बनाकर बेरहमी से पीटा गया और उसका मोबाइल भी छीन लिया गया। इसके बाद आरोपी उसे देर रात तक शहर में घुमाते रहे और फिर हरबंशपुर मंदिर के एक कमरे में बंद कर दिया। आधी रात के बाद उसे ब्रह्मस्थान स्थित डॉ. जावेद की क्लीनिक के सामने फेंक दिया गया, जहां स्थानीय लोगों ने इलाज कराया। शुक्रवार को स्थिति सामान्य होने के बाद पीड़ित ने एसपी व डीएम से न्याय की गुहार लगाई है।

इधर, भाजपा नेता पंकज मोहन सोनकर ने आरोपों को पूरी तरह निराधार बताया है। उनका कहना है कि ब्रह्मस्थान जैसे भीड़भाड़ वाले इलाके से किसी का अपहरण संभव नहीं है। उन्होंने पलटवार करते हुए आरोप लगाया कि शिक्षक श्याम बिहारी पाठक पर  एक महिला शिक्षिका से अशोभनीय व्यवहार और छेड़छाड़ का आरोप है। उनके पास इस संबंध में ऑडियो प्रमाण के रूप में भी हैं। यही नहीं इसकी शिकायत हमने BSA से भी की है। जिसमे इनके खिलाफ जांच चल रही है। इसके साथ ही भाजपा नेता ने शिक्षक पर गंभीर आरोप लगाये है। 

फिलहाल पुलिस मामले की जांच  और दोनों पक्षों के बयान दर्ज  करने में जुटी हैं।