आजमगढ़। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हेमराज मीना के निर्देश पर ऑपरेशन मुस्कान के अंतर्गत एक वर्ष से गुमशुदा 15 वर्षीय किशोरी को पंजाब के अमृतसर से सकुशल बरामद कर परिजनों को सौंपा गया। साथ ही, एक आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया।
प्रभारी निरीक्षक AHT आज़मगढ़ के अनुसार, 28 मार्च 2024 को वादी द्वारा थाना अतरौलिया, जनपद आजमगढ़ पर तहरीर दी गई थी कि उसकी 15 वर्षीय पुत्री, जो ननिहाल आई थी, 26 मार्च को अचानक लापता हो गई। इस पर धारा 363 भादवि के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। परंतु किशोरी की बरामदगी नहीं हो पाई थी।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के आदेश पर मुकदमे की विवेचना थाना एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट को स्थानांतरित की गई। प्रभारी निरीक्षक अभयराज मिश्रा के नेतृत्व में, उ0नि0 उमेश कुमार एवं उनकी टीम द्वारा पीड़िता के मोबाइल लोकेशन के आधार पर 27 जुलाई 2025 को अमृतसर (पंजाब) से किशोरी को बरामद किया गया।
मौके से 38 वर्षीय अभियुक्त विजय प्रकाश पुत्र सैलानी निवासी महराजगंज, आजमगढ़ को भी गिरफ्तार किया गया। पीड़िता के बयान के आधार पर अभियुक्त के विरुद्ध विधिक कार्यवाही करते हुए जेल भेजा गया। इस सफलता पर SSP हेमराज मीना ने पुलिस टीम को ₹10,000 नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
