आजमगढ़। जिले के निजामाबाद थाना क्षेत्र से एक किशोरी को बहला-फुसलाकर अगवा करने और घर से जेवर-नगदी लेकर फरार होने के मामले में पुलिस ने अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तारी के बाद उसे न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है।

मामला बीते 17 जुलाई का है, जब वादिनी की 17 वर्षीय पुत्री को करहां, थाना मुहम्मदाबाद जनपद मऊ निवासी राजू उर्फ सहनवाज पुत्र मुश्तफा बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया था। किशोरी जाते समय घर में रखे जेवर और नकद रुपये भी साथ ले गई थी। परिजनों ने काफी खोजबीन की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली।

जब परिजनों ने अभियुक्त के परिजनों से फोन पर संपर्क कर जानकारी लेने की कोशिश की, तो उन्हें गाली-गलौच और अभद्र भाषा का सामना करना पड़ा। लड़की को लौटाने से भी साफ इनकार कर दिया गया। इस पर वादिनी ने 18 जुलाई को थाना निजामाबाद में संबंधित धाराओं में अभियुक्त के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई। विवेचना उपनिरीक्षक उमेश सिंह को सौंपी गई।
विवेचना के क्रम में मंगलवार को उ0नि0 उमेश सिंह मय पुलिस टीम के साथ कार्रवाई करते हुए अभियुक्त राजू उर्फ सहनवाज को गुलाब सेठ के भट्ठे के पास से सुबह करीब 8:30 बजे गिरफ्तार कर लिया। आवश्यक विधिक कार्यवाही के बाद अभियुक्त को न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।