आज़मगढ़। जिले के बरदह थाना क्षेत्र के जीवली बाजार के पास शनिवार की सुबह सड़क किनारे एक युवक का शव मिलने से सनसनी फैल गई। युवक टेंट हाउस में काम करता था और अपनी मौसी के घर जा रहा था। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

मिली जानकारी के अनुसार सरायमीर थाना क्षेत्र के सेनुरी गांव निवासी 25 वर्षीय नीतीश यादव ठेकमा स्थित एक टेंट हाउस में काम करता था। शुक्रवार को वह अपनी मौसी मीना देवी पत्नी स्वर्गीय उदयराज के घर, जनपद जौनपुर के गौराबादशाहपुर थाना क्षेत्र के कुरेथू गांव जाने के लिए निकला था। टेंट मालिक ने उसे बस में बैठाया था, लेकिन वह अपनी मौसी के घर नहीं पहुंच सका।
शनिवार की सुबह  जीवली बाजार के पास सड़क किनारे पेड़ के नीचे उसका शव मिला। उसके पैर में फ्रैक्चर था और चेहरे व पीठ पर चोट के निशान थे। सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई। मौके पर पहुची पुलिस ने शव की पहचान होने पर परिजनों को सूचना दी। घटना से परिवार में कोहराम मच गया।

सीओ लालगंज भूपेश पांडेय ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि भोर करीब तीन बजे किसी अज्ञात वाहन ने टक्कर मारी, जिससे उसकी मौत हो गई। पुलिस विधिक कार्रवाई में जुटी है।