आजमगढ़। तीन वर्षीय बच्चे की मौत का मामला पोस्टमॉर्टम के बाद और रहस्यमय हो गया है। देवगांव कोतवाली क्षेत्र में गड्ढे से निकाले गए बच्चे के शव की रिपोर्ट में गले पर चोट से अधिक रक्तस्राव के कारण मौत की पुष्टि हुई है, जिसके बाद पुलिस अब पूरे मामले की जांच में जुट गई है।
देवगांव कोतवाली क्षेत्र के बुढ़ऊ बाबा गांगी नदी किनारे बुधवार की दोपहर डीएम के आदेश पर निकाले गए अयान के शव का बृहस्पतिवार को पोस्टमॉर्टम कराया गया। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में अयान की मौत गले पर लगी चोट से हुए अधिक रक्तस्राव के कारण होना बताया गया है। अब पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि अयान के गले पर लगी चोट किसी धारदार हथियार से हुई थी या फिर भैंस के कुचलने से।
चेवार पूरब (मूसऊपुर) गांव निवासी गुलाबचंद के पुत्र अयान की 14 दिसंबर को संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी। अयान के गले पर कट का निशान था और वह घर पर गंभीर रूप से घायल अवस्था में मिला था। परिजनों का कहना था कि अयान को भैंस ने कुचल दिया है। घटना के दिन अयान का पिता मुंबई के लिए घर से निकल चुका था। घायल अवस्था में ग्रामीणों और परिजनों ने अयान को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र देवगांव पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद परिजन शव को घर ले आए और पुलिस को सूचना दिए बिना गांगी नदी किनारे गड्ढा खोदकर दफना दिया।
मामले में नया मोड़ तब आया जब अयान की मां रिबिका ने डीएम और एसपी को प्रार्थना पत्र देकर पोस्टमॉर्टम कराने की मांग की। डीएम के आदेश पर बुधवार को सीओ लालगंज भूपेश पांडेय, कोतवाल देवगांव विमल प्रकाश राय और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। अंडर ट्रेनिंग आईपीएस प्रेम सुख दहिया की निगरानी में नदी किनारे जमीन खुदवाकर शव बाहर निकलवाया गया और पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया।
एसपी सिटी मधुबन सिंह ने बताया कि अब यह जांच का विषय है कि अयान को चोट कैसे लगी। उसे धारदार हथियार से चोट लगी या फिर भैंस के कुचलने से, पुलिस इसकी जांच कर रही है।
