
रिपोर्ट: अरुण यादव
आजमगढ़। जिले के थाना तहबरपुर पुलिस ने चोरी की झूठी सूचना देने वाले एक युवक को गिरफ्तार कर मुकदमा दर्ज कर लिया है। आरोपी ने पुलिस को गुमराह करने के उद्देश्य से अपने ही घर के बक्से का ताला तोड़कर फर्जी तरीके से गहनों की चोरी की कहानी गढ़ी थी।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार आज गुरुवार को सुबह ग्राम शिवरामपुर निवासी हरिपत यादव द्वारा डायल-112 पर चोरी की सूचना दी गई थी। सूचना पर पीआरवी 5388 व थाना प्रभारी उपनिरीक्षक लोकेश मणि त्रिपाठी मय टीम मौके पर पहुंचे। पूछताछ में स्पष्ट हुआ कि शिकायतकर्ता शैलेश यादव पुत्र हरिपत यादव उर्फ शोखा ने बताया था कि रात लगभग 12 बजे छत के रास्ते अज्ञात चोर घर में घुसे और बक्सा तोड़कर बहन के गहने (एक जोड़ी पायल, एक जोड़ी सोने के झुमके व एक सोने की माला) चोरी कर ले गए।
लेकिन जब पुलिस ने मौके पर बक्से की तलाशी ली तो सभी कथित चोरी के गहने बक्से के सामान के नीचे ही बरामद हो गए। इस पर शैलेश यादव ने स्वीकार किया कि उसने स्वयं बक्से की कुंडी तोड़कर झूठी सूचना दी थी।
थाना तहबरपुर पुलिस ने फर्जी सूचना देने के आरोप में शैलेश यादव को हिरासत में लेकर आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
