आजमगढ़। जिले में बीती रात चोरों ने दो अलग-अलग थाना क्षेत्रों में ताबड़तोड़ वारदातों को अंजाम देकर पुलिस प्रशासन को चुनौती दे दी। पहली घटना सगड़ी तहसील क्षेत्र के जीयनपुर कोतवाली अंतर्गत मोहम्मदपुर गांव की है, जहां बुधवार रात चोरों ने भाजपा नेता कृष्णकांत राय के मकान के पीछे की जंगले का ग्रिल काटकर भीतर प्रवेश किया। चोरों ने कमरे में रखी नकदी और अन्य कीमती सामान मिलाकर लगभग एक लाख रुपये से अधिक का माल चुरा लिया। यही नहीं, चोरों ने पास ही स्थित एक अन्य मकान में भी चोरी की कोशिश की, लेकिन सफलता नहीं मिल सकी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। भाजपा नेता कृष्णकांत राय ने इस संबंध में जीयनपुर कोतवाली में तहरीर दी है।
वहीं दूसरी घटना गंभीरपुर थाना क्षेत्र के बरबसपुर गांव की है, जहां चोरों ने बुधवार रात तीन घरों को निशाना बनाया। अज्ञात चोर छत और खिड़की के रास्ते घरों में घुसे और लाखों रुपये के आभूषण और नकदी चुरा ले गए। चोरी की जानकारी गुरुवार सुबह पीड़ितों अजय यादव, राजेश यादव और प्रवेश यादव को हुई। उन्होंने तुरंत स्थानीय पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद गंभीरपुर पुलिस, फोरेंसिक टीम और डॉग स्क्वायड मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गए। पुलिस ने तीनों मामलों में अलग-अलग प्राथमिकी दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
