आजमगढ़। जिले में जन शिकायतों के त्वरित और प्रभावी निस्तारण का असर शासन स्तर पर दिखा है। सीएम डैशबोर्ड पोर्टल पर दर्ज शिकायतों के समयबद्ध व गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के आधार पर की गई मासिक समीक्षा में दिसंबर माह के लिए आजमगढ़ जनपद ने वाराणसी जोन में पहला स्थान हासिल किया है।
सीएम डैशबोर्ड पोर्टल पर प्राप्त जन शिकायतों के निस्तारण में बेहतर प्रदर्शन के चलते आजमगढ़ जनपद को यह उपलब्धि मिली है। पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार ने बताया कि पोर्टल पर प्राप्त प्रत्येक प्रार्थना पत्र का समय से निस्तारण कर संबंधित कार्रवाई की आख्या पोर्टल पर फीड की जाती है। इसी के आधार पर शासन स्तर पर हर माह रैंकिंग तय की जाती है। दिसंबर माह में आजमगढ़ पुलिस द्वारा निर्धारित मानकों के अनुरूप शिकायतों का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण किया गया, जिसके फलस्वरूप जनपद को प्रथम स्थान प्राप्त हुआ।
खास बात यह रही कि जनपद स्तर के साथ-साथ आजमगढ़ के सभी 23 थानों ने भी अपनी-अपनी श्रेणी में पहला स्थान हासिल किया। जनपद और थानों की यह रैंकिंग फरियादियों की शिकायतों के निस्तारण और उनके द्वारा दिए गए फीडबैक के आधार पर उत्तर प्रदेश शासन स्तर से निर्धारित की जाती है।
