रिपोर्ट: आशीष निषाद
अतरौलिया (आजमगढ़)।वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देश पर अतरौलिया थानाध्यक्ष देवेंद्र नाथ दुबे ने रविवार की देर शाम अतरौलिया बाजार का सघन निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विशेष रूप से स्वर्णकार (सर्राफा) की दुकानों पर पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के क्रम में थानाध्यक्ष ने दुकानों में लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच कर उनकी कार्यशीलता को परखा। साथ ही व्यापारियों से संवाद कर सुरक्षा से जुड़ी समस्याओं और उनके सुझाव सुने। उन्होंने दुकानदारों को निर्देशित किया कि सभी सीसीटीवी कैमरे चालू अवस्था में रखें, दुकानों में पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था करें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।
थानाध्यक्ष ने बाजार में मौजूद आमजन से भी बातचीत कर उन्हें सुरक्षा का भरोसा दिलाया। उन्होंने कहा कि बाजार क्षेत्र में नियमित गश्त की जाएगी और किसी भी आपराधिक गतिविधि पर कड़ी नजर रखी जाएगी। निरीक्षण के दौरान पुलिस बल भी मौजूद रहा।
थानाध्यक्ष देवेंद्र नाथ दुबे ने कहा कि आमजन और व्यापारियों की सुरक्षा पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। इस निरीक्षण से व्यापारियों और स्थानीय लोगों में सुरक्षा को लेकर विश्वास बढ़ा है।
