रिपोर्ट: अरुण यादव

आजमगढ़। जिले के गंभीरपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत रानीपुर रजमो बाईपास के पास एक ढाबा के सामने बीती रात करीब 2 बजे एक सड़क हादसा हो गया। इस दुर्घटना में सड़क किनारे खड़ी एक ट्रक में पीछे से आ रहे ट्रेलर ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में ट्रक के खलासी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चालक घायल हो गया।

मृत खलासी की पहचान मिर्जापुर जिले के चकताकिया नारायणपुर निवासी अवधेश पटेल पुत्र शोभनाथ सिंह के रूप में हुई है। वहीं घायल चालक की पहचान देवरिया जनपद के भाटपार रानी निवासी दिनेश चौबे के रूप में हुई है, जिसे हल्की चोटें आई हैं।

हादसे के तुरंत बाद ट्रेलर चालक और खलासी मौके से फरार हो गए। वहीं ट्रेलर मालिक को सूचना मिलते ही वह घटनास्थल पर पहुंच गए।घटना की जानकारी मिलते ही गंभीरपुर थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

बताया जा रहा है कि खड़ी ट्रक बरहज से सोनभद्र गिट्टी लाने जा रही थी, जबकि ट्रेलर आजमगढ़ से वाराणसी की ओर जा रहा था। दोनों वाहन उस समय खाली थे।