रिपोर्ट: अरुण यादव
आज़मगढ़। जिले के सरायमीर थाना क्षेत्र में हत्या के प्रयास के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो वांछित अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त लोहे की कुल्हाड़ी भी बरामद की गई है।
थाना सरायमीर क्षेत्र के ग्राम खानपुर निवासी विजय यादव पुत्र फौजदार यादव ने मंगलवार को थाने में तहरीर देकर आरोप लगाया था कि मुकेश पुत्र श्यामनारायण निवासी लेदौरा थाना अहरौला तथा उत्तम उर्फ सिट्टू पुत्र स्वर्गीय गनेश निवासी ग्राम खानपुर ने उसकी बहन से बातचीत को लेकर विवाद किया। आरोप है कि गाली-गलौज के बाद दोनों ने जान से मारने की नीयत से कुल्हाड़ी से हमला कर दिया।
हमले में विजय यादव के भाई सत्यम के सिर पर गंभीर चोट आई, जिनका उपचार एवं ऑपरेशन लाइफ लाइन हॉस्पिटल में कराया गया। घटना में फौजदार यादव, परमशीला और पल्लवी को भी चोटें आईं। तहरीर के आधार पर थाना सरायमीर में मुकदमा दर्ज किया गया।
शुक्रवार को व0उ0नि0 धर्मेन्द्र कुमार मय हमराह पुलिस टीम क्षेत्र भ्रमण पर थे, तभी मुखबिर से सूचना मिली कि नामजद आरोपी थाना मोड़ के पास मुख्य मार्ग पर कहीं जाने की फिराक में खड़े हैं। सूचना पर पहुंची पुलिस टीम ने दोनों संदिग्धों को घेराबंदी कर पकड़ लिया। पूछताछ में उन्होंने अपना नाम मुकेश और उत्तम उर्फ सिट्टू बताया। पुष्टि के बाद सुबह पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया। अभियुक्तों की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त एक लोहे की कुल्हाड़ी भी बरामद कर ली गई है।
