आजमगढ़। कोतवाली पुलिस ने प्रतियोगी परीक्षाओं में पास कराने का झांसा देकर ठगी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से नकदी भी बरामद की है।
मिली जानकारी के अनुसार वादी अभिषेक यादव निवासी मेहनगर ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी के दौरान उसकी मुलाकात संजय कुमार भारद्वाज से हुई। आरोपी ने खुद को कोचिंग संचालक बताते हुए आर्मी, पुलिस सहित अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं में चयन कराने का झांसा दिया। इसके लिए उसने यूपीएसआई परीक्षा पास कराने के नाम पर 10 लाख रुपये की मांग की और शुरुआती तौर पर 50 हजार रुपये ले लिए।
आरोपी ने वादी को बाजार से खरीदा गया फर्जी मॉक पेपर “टॉप सीक्रेट” बताकर दिया, लेकिन परीक्षा में प्रश्नपत्र मेल नहीं खाने पर पीड़ित को ठगी का एहसास हुआ। इस मामले में थाना कोतवाली पर विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया।
पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए मंगलवार को पुरानी जेल बंधा रोड से अभियुक्त संजय कुमार भारद्वाज निवासी कुतूपुर थाना जहानागंज, आजमगढ़ और अजीत कुमार निवासी कमथरी नूरपुर थाना चिरैयाकोट, जनपद मऊ को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार अभियुक्तों के पास से 6,900 रुपये नकद बरामद हुए। पूछताछ में दोनों ने स्वीकार किया कि वे अभ्यर्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं में पास कराने का झांसा देकर पैसे ऐंठते थे और प्राप्त रकम को आपस में बांट लेते थे। बरामद धनराशि शेष बची रकम है।
पुलिस के अनुसार अजीत कुमार के खिलाफ पूर्व में भी धोखाधड़ी के मामले दर्ज हैं, जबकि संजय कुमार भारद्वाज का नाम भी इसी मुकदमे में सामने आया है। पुलिस ने दोनों को संबंधित धाराओं में चालान कर न्यायालय भेज दिया है।
